अंडर-14 और अंडर-16 आयु वर्ग के खिलाड़ियों का चयन, तेलंगाना में होगी प्रतियोगिता
पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा 31/10/2026
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के लिए खेल जगत से अच्छी खबर है। जिले के 10 एथलीटों का चयन 20वीं राष्ट्रीय अंतर जिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता (NIDJAM-2026) के लिए हुआ है। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) के तत्वावधान में 14 से 16 नवंबर 2026 तक तेलंगाना के सदाशिवपेट में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ी अंडर-14 और अंडर-16 आयु वर्ग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।चयनित खिलाड़ियों का चयन अप्रैल 2026 में आयोजित जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता एवं अस्मिता लीग में उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। सभी खिलाड़ी 10 नवंबर को चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन से प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना होंगे।
इन 10 खिलाड़ियों का हुआ चयन
अंडर-14 बालिका वर्ग में दिवा परी देवगम का चयन ट्रायथलॉन ए, संध्या महतो का ट्रायथलॉन बी और रोशनी मुंडुइया का ट्रायथलॉन सी के लिए हुआ है। वहीं, अंडर-14 बालक वर्ग में विकास गागराई ट्रायथलॉन सी में हिस्सा लेंगे।अंडर-16 बालिका वर्ग में गुरुवारी बांकिरा 60 मीटर दौड़, हीरामुनि गागराई लंबी कूद और दिव्या ज्योति तियू 600 मीटर दौड़ में भाग लेंगी। जबकि अंडर-16 बालक वर्ग में रामानंद नायक 60 मीटर दौड़, नेल्सन सोय ट्रायथलॉन और महेश्वर सुंबरई 60 मीटर दौड़ में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलंपिक सह एथलेटिक्स एसोसिएशन के महासचिव अजय कुमार नायक ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए जिले के 10 खिलाड़ियों का चयन होना गौरव की बात है। सीमित खेल संसाधनों के बावजूद जिले के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। यह खिलाड़ियों की मेहनत, लगन और प्रशिक्षकों के निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने जिला प्रशासन से खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं, आधुनिक प्रशिक्षण, खेल सामग्री और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उचित अवसर और संसाधन मिलने पर यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।खिलाड़ियों के चयन पर पश्चिमी सिंहभूम एथलेटिक एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक एवं सांसद जोबा माझी, संरक्षक जगत माझी और मुकुंद रुंगटा, अध्यक्ष नितिन प्रकाश, जिला खेल पदाधिकारी मार्सेल हेंब्रम, उपाध्यक्ष नीरज संबार और बलराज हिंदवार, कोषाध्यक्ष दीपक पासवान, संयुक्त सचिव काश्मीर कोंडेयांग, अर्जुन महाकुड़, विजय बानरा, ओंकार महतो, संजीव बांदो, राजू बिरुवा, पूनम सिंघा, प्रीति महतो और सरिता पिंगुवा सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।सभी ने उम्मीद जताई कि चयनित खिलाड़ी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पश्चिमी सिंहभूम जिले के साथ-साथ झारखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।






