रात और कोहरे में वाहनों की दृश्यता बढ़ाने के लिए जिला परिवहन कार्यालय की पहल
पश्चिमी सिंहभूम , चाईबासा 02/11/2026
चाईबासा: सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा के प्रति आमजनों को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय, पश्चिमी सिंहभूम द्वारा जरूरतमंद वाहनों पर निःशुल्क रिफ्लेक्टिव टेप लगाया गया। इस दौरान वाहन चालकों को परावर्तक टेप के महत्व, उपयोग और सड़क सुरक्षा में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।जागरूकता कार्यक्रम में बताया गया कि रिफ्लेक्टिव टेप रात के अंधेरे, घने कोहरे, बारिश और खराब मौसम में वाहनों की दृश्यता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वाहन पर उचित तरीके से लगाए गए इस टेप से पीछे या आसपास से आने वाले वाहन चालकों को वाहन की उपस्थिति का समय रहते पता चल जाता है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम होती है।
कार्यक्रम के दौरान वाहन चालकों को बताया गया कि खड़े, खराब या धीमी गति से चलने वाले वाहनों की पहचान दूर से करने में रिफ्लेक्टिव टेप काफी उपयोगी है। वाहन की हेडलाइट पड़ने पर यह प्रकाश को परावर्तित करता है, जिससे अन्य वाहन चालकों को सतर्क होने और आवश्यकतानुसार ब्रेक लगाने का अवसर मिलता है।इसके साथ ही निर्धारित श्रेणी के परिवहन एवं वाणिज्यिक वाहनों में रिफ्लेक्टिव टेप का उपयोग संबंधित परिवहन नियमों के अनुरूप आवश्यक है। वाहन चालकों से निर्धारित मानकों का पालन करने और सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति सजग रहने की अपील की गई।रिफ्लेक्टिव टेप लगाने के दौरान इसकी बेहतर पकड़ सुनिश्चित करने के लिए वाहन की सतह को साफ और सूखा रखने तथा टेप को मजबूती से चिपकाने की जानकारी भी दी गई।जिला परिवहन कार्यालय ने वाहन चालकों से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, वाहनों में निर्धारित सुरक्षा उपकरणों का उपयोग सुनिश्चित करें और रिफ्लेक्टिव टेप लगाकर सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में सहयोग करें। सड़क सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।






