Edited by : Shamuel Masih, District Reporter Morradabad,
मुरादाबाद। भवानीपुर रोड, अलीगंज स्थित सेंट मारिया कॉवेनेंट स्कूल में भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के साथ-साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों और अतिथियों का खूब मनोरंजन किया और पूरे माहौल को उत्साह से भर दिया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों के लिए विभिन्न प्रकार के गेम्स एवं मनोरंजक एक्टिविटीज भी आयोजित की गईं। शिक्षकों ने पूरे उत्साह के साथ इन गतिविधियों में भाग लिया। प्रतियोगिताओं में ‘टीम-ए’ ने सर्वाधिक अंक हासिल कर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
शिक्षकों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और सहभागिता को देखते हुए राबिया खातून एवं मनप्रीत कौर को ‘टीचर ऑफ द डे’ चुना गया, जबकि दीपक कुमार को ‘बेस्ट प्लेयर ऑफ द डे’ के सम्मान से नवाजा गया। विजेताओं सहित प्रतिभागियों को ट्रॉफी एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर विकास विलियम ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को समाज और विद्यार्थियों के भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में राकेश चौधरी, दीपक कुमार, मनप्रीत कौर, नीतू वर्मा, मेहा शर्मा, रंजना, ज्योति शर्मा, नेहा यादव, राबिया खातून, शालिनी विश्नोई, प्रीती, राखी रावत, रति शर्मा, अंकिता रावत, विद्यालय के डायरेक्टर विकास विलियम एवं प्रधानाचार्य साईमन मसीह सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य स्टाफ मौजूद रहे।
शिक्षक दिवस का यह आयोजन शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ-साथ विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के बीच आपसी जुड़ाव और उत्साह को बढ़ाने वाला रहा।









