पश्चिमी सिंहभूम, गुवा 22/10/2026
गुवा (पश्चिमी सिंहभूम): गुवा-मनोहरपुर मार्ग स्थित 21/10/2026 बुधवार को मां दुर्गा वनदेवी मंदिर में नवरात्रि के पावन अवसर पर नौ कुंवारी कन्याओं का विधि-विधान के साथ पूजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कन्या पूजन और महाभोग वितरण के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।वनदेवी मां दुर्गा पूजा कमेटी के सदस्यों एवं महिलाओं ने धार्मिक परंपराओं के अनुसार नौ कुंवारी कन्याओं को मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का प्रतीक मानकर उनकी पूजा-अर्चना की। पूजन के बाद कन्याओं को श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया तथा उनका आशीर्वाद लिया गया।इसके बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच महाभोग प्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और मां दुर्गा से सुख, शांति, समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिर में भजन-कीर्तन के आयोजन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
मन्नतें पूरी होने की है मान्यता
मंदिर के पुजारी नागेंद्र पाठक ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां दुर्गा वनदेवी मंदिर में सच्चे मन से पूजा-अर्चना करने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसी आस्था के कारण गुवा सहित आसपास के गांवों और दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु मां के दर्शन एवं पूजन के लिए पहुंचते हैं।नवरात्रि के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं को बनाए रखना और समाज में भक्ति एवं आपसी सद्भाव की भावना को मजबूत करना रहा।
कमेटी के सदस्यों ने निभाई अहम भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में वनदेवी मां दुर्गा पूजा कमेटी के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मौके पर साधु चरण सिद्धू, गंगा सिद्धू, संदीप गुप्ता, भोलानाथ साहू, नवी दत्त महापात्रो, रेणु सिंह, झरनी दास, शंकर राउत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।







