45 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण पूरा करने के बाद विभिन्न कंपनियों में हुआ चयन
पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा 04/11/2026
चाईबासा, पश्चिमी सिंहभूम। जिला समाहरणालय सभागार में मंगलवार को उपायुक्त मनीष कुमार ने प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के 43 प्रशिक्षित युवाओं को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा भी उपस्थित रहे।ये सभी युवा पाताहातु, चाईबासा स्थित बहु-कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र में 45 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण पूरा कर चुके हैं। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं ने चारपहिया वाहन एवं दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक में कौशल हासिल किया।
प्रतिष्ठित कंपनियों में मिला रोजगार
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद युवाओं को शंकराचार्य मोटर्स चाईबासा, श्रेयांश मीटर्स जमशेदपुर, सुखचैन मोटर्स बड़ाजामदा, पीसी ट्रेडर्स चाईबासा और प्रीकॉल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड पुणे जैसी कंपनियों में रोजगार मिला है।तकनीकी प्रशिक्षण के साथ युवाओं को गूगल डिजिटल टूल्स, इंटरव्यू स्किल, व्यक्तित्व विकास और कार्यस्थल पर व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे वे रोजगार के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सके।
युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
प्रमाण पत्र वितरण समारोह में उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि कौशल प्रशिक्षण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, समयबद्धता और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति बनाए रखने की अपील की।अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा ने कहा कि प्रशिक्षण की वास्तविक सफलता तभी है, जब प्रशिक्षित युवा अपने कौशल का उपयोग रोजगार प्राप्त करने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने में करें।कार्यक्रम के अंत में केक काटकर प्रशिक्षण का समापन एवं विदाई समारोह मनाया गया।
फोटो कैप्शन: चाईबासा समाहरणालय सभागार में प्रमाण पत्र वितरण के बाद उपायुक्त मनीष कुमार के साथ प्रशिक्षित युवा।








