पौड़ी, 18 अगस्त 2026। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से 19 अगस्त को पौड़ी गढ़वाल जिले में भारी वर्षा और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने 19 अगस्त 2026 को जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जारी आदेश के अनुसार, कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालय बुधवार, 19 अगस्त को बंद रहेंगे। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा।
प्रशासन ने यह फैसला विद्यार्थियों और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है। मौसम विभाग ने भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली की संभावना जताई है। इसके अलावा बारिश के कारण नदी-नालों और गदेरों में अचानक जलस्तर बढ़ने तथा तेज जलप्रवाह की आशंका भी बनी हुई है।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
जिला प्रशासन ने आम लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। लोगों को नदी-नालों और गदेरों के आसपास जाने से बचने तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।








