जगनाथपूर, पश्चिमी सिंहभूम 23/09/2026
चाईबासा, 22 सितंबर 2026।जगन्नाथपुर प्रखंड के मरांगसाई पड़सा गांव में सोमवार को डायन-प्रथा, अंधविश्वास एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया। आदिवासी हो समाज युवा महासभा की पहल पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से नुक्कड़ सभा का आयोजन कर ग्रामीणों को सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक किया गया।नुक्कड़ सभा के दौरान वक्ताओं ने कहा कि डायन-प्रथा और अंधविश्वास समाज के विकास में बड़ी बाधा हैं। अंधविश्वास के कारण कई बार निर्दोष लोगों को सामाजिक प्रताड़ना और हिंसा का सामना करना पड़ता है। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए समाज में जागरूकता, शिक्षा, आपसी संवाद और कानून की जानकारी को बढ़ावा देना आवश्यक है।वक्ताओं ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि किसी बीमारी, परेशानी या अप्रिय घटना के लिए किसी व्यक्ति को डायन बताकर प्रताड़ित करने के बजाय चिकित्सकीय सहायता और उचित कानूनी उपाय अपनाएं। ग्रामीणों को डायन-प्रथा के खिलाफ लागू कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।सभा में बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने, अंधविश्वास से दूर रहने तथा समाज में आपसी सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि जागरूक और शिक्षित समाज ही सामाजिक कुरीतियों का प्रभावी ढंग से मुकाबला कर सकता है।कार्यक्रम में ग्रामीण मुंडा हरिश पुरती, आदिवासी हो समाज युवा महासभा के जगन्नाथपुर अनुमंडल उपाध्यक्ष पुतकर लागुरी, शिवचरण हेम्ब्रम, मनमोहन हेम्ब्रम, पाईकिराय हेम्ब्रम, सुलतान पुरती, पोरेन पुरती, महेन्द्र पुरती, सुरेन्द्र पुरती, दीपक पुरती, दिशु पुरती, जितेन्द्र पुरती, संजय पुरती, मासूरी पुरती, सुनिता पुरती, सावित्री पुरती, चंपा पुरती, जुगति पुरती और मनवन्ती पुरती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।सभा के माध्यम से ग्रामीणों ने सामाजिक कुरीतियों और अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता फैलाने तथा समाज को शिक्षा एवं आपसी एकजुटता के माध्यम से आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
जगन्नाथपुर, पश्चिमी सिंहभूम







