पश्चिमी सिंहभूम, मनोहरपुर 26/09/2026
मनोहरपुर/चाईबासा, 26 सितंबर 2026। मनोहरपुर प्रखंड क्षेत्र में 24 सितंबर को मलेरिया एवं फाइलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पीरामल फाउंडेशन एवं CINI संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बीमारियों के कारण, लक्षण, बचाव एवं उपचार की जानकारी दी गई।पीरामल फाउंडेशन के प्रोग्राम ऑफिसर हरि कृष्ण महली एवं CINI के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर संजीव कुमार ने +2 उत्क्रमित उच्च विद्यालय छोटानागरा एवं उत्क्रमित उच्च विद्यालय दोदारी का दौरा कर छात्र-छात्राओं को मलेरिया एवं फाइलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक किया।इस दौरान विद्यार्थियों को नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करने, सोते समय शरीर को ढककर रखने तथा आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दी गई। बुखार आने पर तत्काल मलेरिया की जांच कराने के लिए भी जागरूक किया गया। वहीं फाइलेरिया से बचाव के लिए फाइलेरिया रोधी दवाओं के महत्व की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की गई।इधर, सोनापी विद्यालय में MPW द्वारा मलेरिया फीवर की जांच भी की गई। इस दौरान विद्यार्थियों को मलेरिया के प्रति सतर्क रहने और समय पर जांच एवं उपचार कराने की जानकारी दी गई।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के साथ मलेरिया एवं फाइलेरिया की रोकथाम में विद्यार्थियों और समुदाय की भागीदारी को मजबूत करना था।







