पश्चिमी सिंहभूम , मनोहरपुर 26/09/2026
मनोहरपुर, 26 सितंबर 2026। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। लगातार बारिश से मनोहरपुर बाजार की कई प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गई हैं, जिससे राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे अधिक परेशानी पुराने पोस्ट ऑफिस मार्ग तथा बैंक रोड से स्कूल की ओर जाने वाली सड़क पर देखने को मिल रही है। इन सड़कों पर जगह-जगह पानी जमा होने से आवागमन मुश्किल हो गया है। कई स्थानों पर सड़क के किनारे स्थित घरों और दुकानों में भी पानी पहुंचने की शिकायत सामने आई है।जलजमाव के कारण स्कूली बच्चों, दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के दौरान क्षेत्र में जलजमाव की समस्या बार-बार उत्पन्न होती है।
उनका कहना है कि नालियों की सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक सड़कों पर जमा रहता है।स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने, नालियों की नियमित सफाई कराने तथा जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।बारिश के कारण बाजार क्षेत्र में सामान्य गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं। लोगों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग जल्द आवश्यक कदम उठाकर जलजमाव की समस्या से राहत दिलाएगा।







