पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा 27/09/2026
चाईबासा, 27 सितंबर 2026: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयुष विभाग की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच करने के साथ उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं।जानकारी के अनुसार शनिवार को जिले के झींकपानी प्रखंड अंतर्गत जोरापोखर (बसाहातु) तथा गोइलकेरा प्रखंड अंतर्गत बुरूहुन्डरु गांव में आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। दोनों स्थानों पर आयोजित शिविर में कुल 48 ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की गई।शिविर के दौरान ग्रामीणों की सामान्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच की गई। इसमें रक्तचाप (BP), मधुमेह (Sugar), बुखार, सर्दी-खांसी, जोड़ों में दर्द, गैस्ट्रिक तथा त्वचा संबंधी समस्याओं की जांच शामिल रही। जांच के बाद जरूरत के अनुसार ग्रामीणों को चिकित्सकीय सलाह दी गई तथा निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।स्वास्थ्य शिविर में आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. श्रवन कुमार यादव एवं डॉ. धर्म राज सिंह ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की। चिकित्सकों ने ग्रामीणों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करने तथा समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति किया गया जागरूकस्वास्थ्य शिविर के दौरान ग्रामीणों के लिए योग सत्र का भी आयोजन किया गया। इसमें नियमित योग एवं व्यायाम के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। ग्रामीणों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, पर्याप्त स्वच्छता बनाए रखने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया गया।चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को बताया कि छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं को लंबे समय तक नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते जांच और उपचार कराना जरूरी है। साथ ही तबीयत खराब होने पर गांव की सहिया दीदी से संपर्क करने तथा आवश्यकता पड़ने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की सलाह दी गई।ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने से दूरदराज के लोगों को अपने गांव के आसपास ही प्राथमिक स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिल रही है। शिविर में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच एवं निःशुल्क दवा वितरण की सुविधा का लाभ लिया।








