बन्दगांव, पश्चिमी सिंहभूम, 27/09/2026
बंदगांव/चाईबासा, 27 सितंबर 2026। पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव प्रखंड स्थित प्रमुख पर्यटन स्थल हिरणी जलप्रपात में रविवार को स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत विश्व पर्यटन दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पर्यटन स्थल परिसर में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम में जिले के उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मियों एवं अन्य लोगों को हिरणी जलप्रपात को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाए रखने की शपथ दिलाई।
पर्यटक और स्थानीय लोग निभाएं जिम्मेदारी
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हिरणी जलप्रपात पश्चिमी सिंहभूम की महत्वपूर्ण प्राकृतिक संपदा और पर्यटन की पहचान है।उन्होंने पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों से अपील की कि पर्यटन स्थल पर कचरा न फैलाएं, कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें।
स्वच्छ पर्यटन स्थल से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर पर्यटन स्थल जिले की प्राकृतिक सुंदरता को संरक्षित करने के साथ-साथ पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा देते हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आजीविका के अवसर बढ़ सकते हैं।उन्होंने स्थानीय समुदाय, जनप्रतिनिधियों, संबंधित विभागों और पर्यटकों से मिलकर हिरणी जलप्रपात सहित आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने का आह्वान किया।
स्वच्छता को दैनिक व्यवहार बनाने पर जोर
स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत जिले में सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई, स्वच्छता जागरूकता और स्वच्छ व्यवहार को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल किसी विशेष अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि इसे दैनिक जीवन का स्थायी हिस्सा बनाया जाए।विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने पर्यटन स्थल पर प्लास्टिक एवं अन्य कचरा खुले में नहीं फेंकने तथा स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में बंदगांव प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री भीकम कुमार, जिला खेल पदाधिकारी श्री मारकस हेंब्रम सहित संबंधित पदाधिकारी, कर्मी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।







