मनोहरपुर, पश्चिमी सिंहभूम 29/09/2026
मनोहरपुर/पश्चिमी सिंहभूम: सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को मनोहरपुर स्थित संत अगस्तिन महाविद्यालय में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला परिवहन कार्यालय के निर्देश पर हुआ।अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा टीम के राजदेव पासवान ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सड़क संकेतों तथा सुरक्षित वाहन परिचालन के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि तेज गति से वाहन चलाना, नशे की हालत में ड्राइविंग करना तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करना दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शामिल हैं।
मनोहरपुर थाना के अवर निरीक्षक ने भी विद्यार्थियों और आम लोगों से नशे में वाहन नहीं चलाने तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की। उन्होंने सड़क पर सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने पर जोर दिया।कार्यक्रम में जेएमएम छात्र मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सह सड़क सुरक्षा दूत गोवर्धन ठाकुर ने झारखंड गुड सेमेरिटन पॉलिसी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर मदद कर उसे अस्पताल पहुंचाने वाले लोगों के लिए सरकार की ओर से प्रोत्साहन और कानूनी संरक्षण का प्रावधान है।
कार्यक्रम में संत अगस्तिन महाविद्यालय के प्राचार्य विक्रम नाग, डालसा के अशोक कुमार महतो, जेराई हेंब्रम, सुनील लुगुन, सड़क सुरक्षा दूत, मंडल अध्यक्ष तिला तिर्की, प्रमोद केरकेट्टा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।







