चक्रधरपूर, पश्चिमी सिंहभूम 30/09/2026
चक्रधरपुर/पश्चिमी सिंहभूम: प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं अबुआ आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्य की प्रगति की जांच को लेकर बुधवार को चक्रधरपुर प्रखंड के आसनतलिया पंचायत अंतर्गत मुड़ियादल गांव में आवासों का निरीक्षण किया गया। जिला समन्वयक, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने क्षेत्र भ्रमण कर कुल 22 आवासों की स्थिति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान पाया गया कि किसी भी आवास में फिलहाल निर्माण कार्य संचालित नहीं था। कई लाभुकों को आवास निर्माण की द्वितीय किस्त की राशि प्राप्त होने के बावजूद पिछले एक वर्ष से निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया था। ऐसे लाभुकों को अविलंब निर्माण कार्य प्रारंभ कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवास पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान कुछ लाभुक अपने घर पर मौजूद नहीं मिले। प्रशासन की टीम ने उनके परिवार के सदस्यों एवं परिचितों के माध्यम से दूरभाष पर संपर्क कर आवास निर्माण शीघ्र शुरू करने को कहा। वहीं, कुछ लाभुकों की मृत्यु के बाद उनके आश्रितों द्वारा निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ाए जाने का मामला भी सामने आया। संबंधित आश्रितों को नियमानुसार निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।निरीक्षण के दौरान क्षेत्र के बुद्धिजीवियों एवं प्रबुद्ध ग्रामीणों से भी आवास निर्माण की स्थिति को लेकर चर्चा की गई। उन्हें बताया गया कि आवास निर्माण के लिए राशि प्राप्त करने के बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से योजना के उद्देश्य प्रभावित होते हैं। साथ ही भविष्य में अन्य पात्र एवं जरूरतमंद गरीब परिवारों को योजना का लाभ देने में भी कठिनाई उत्पन्न हो सकती है।
प्रशासन की ओर से प्रबुद्ध ग्रामीणों से अपील की गई कि वे ग्राम सभा के माध्यम से लाभुकों को आवास निर्माण शीघ्र पूरा करने के लिए प्रेरित करें। वहीं सभी लाभुकों से प्राप्त किस्त की राशि का सदुपयोग करते हुए अपने आवास का निर्माण जल्द पूरा करने की अपील की गई, ताकि योजना का लाभ वास्तविक रूप से जरूरतमंद परिवारों तक पहुंच सके।







