चाईबासा, पश्चिमी सिंहभूम 01/10/2026
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में 30/09/2026 बुधवार को उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, जिला जल एवं स्वच्छता समिति मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल जीवन मिशन तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-द्वितीय के तहत जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।उपायुक्त ने पूर्ण एवं प्रगतिरत योजनाओं, लंबित भुगतान तथा योजनाओं के संचालन एवं अनुरक्षण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पूर्ण हो चुकी योजनाओं के लंबित भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब नहीं होने देने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
योजनाओं का नियमित होगा स्थल निरीक्षण
जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक माह चिन्हित चार योजनाओं के स्थल निरीक्षण की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने योजनाओं की गुणवत्ता, वास्तविक स्थिति, उपयोगिता तथा ग्रामीणों को मिल रहे लाभ की नियमित निगरानी पर जोर दिया। उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त द्वारा दोनों प्रमंडलों से एक-एक योजना का स्थल निरीक्षण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया जाएगा।संचालन एवं अनुरक्षण की अवधि पूरी कर चुकी योजनाओं की सूची तैयार कर आवश्यक संचालन एवं अनुरक्षण प्राक्कलन तैयार करने का भी निर्देश दिया गया।
जलसहियाओं के लंबित भुगतान पर कार्रवाई
बैठक में जलसहियाओं के लंबित भुगतान की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने तथा पात्र जलसहियाओं का भुगतान समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अपशिष्ट प्रबंधन परिसंपत्तियों को क्रियाशील रखने पर जोर
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-द्वितीय के तहत व्यक्तिगत घरेलू शौचालय, कचरा पृथक्करण शेड, कचरा वाहन, गोबरधन सहित ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी परिसंपत्तियों की स्थिति की समीक्षा की गई।उपायुक्त ने सभी परिसंपत्तियों को नियमित रूप से क्रियाशील रखने, उनका उचित उपयोग एवं रखरखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही व्यक्तिगत घरेलू शौचालय निर्माण में तेजी लाने, लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल, कार्यपालक अभियंता, चाईबासा-चक्रधरपुर सहित जिला जल एवं स्वच्छता समिति के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।








