चाईबासा, पश्चिमी सिंहभूम 01/10/2026
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में टीबी उन्मूलन अभियान को मजबूती देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘प्रोजेक्ट जागृति–बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम’ के तहत सदर अस्पताल, चाईबासा के कुपोषण उपचार केंद्र में टीबी मरीजों के बीच पोषक आहार का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में कुल 86 टीबी मरीजों को पोषक आहार उपलब्ध कराया गया। इनमें 40 नए और 46 पुराने टीबी मरीज शामिल रहे। इस पहल का उद्देश्य टीबी मरीजों को दवा के साथ पर्याप्त पोषण उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य में सुधार और उपचार प्रक्रिया में सहयोग करना है।मौके पर उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल तथा सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मीनू, डॉ. आलोक और डॉ. जगन्नाथ हेम्ब्रम सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मी मौजूद रहे।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि टीबी से लड़ाई में दवाओं के साथ पौष्टिक आहार भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि ‘प्रोजेक्ट जागृति’ के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को उपचार के साथ पोषण संबंधी सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।उन्होंने समाज के सक्षम लोगों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और प्रतिष्ठानों से आगे आकर टीबी मरीजों के लिए पोषक आहार उपलब्ध कराने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ‘टीबी मुक्त पश्चिमी सिंहभूम’ के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी।








