चाईबासा, पश्चिमी सिंहभूम 01/10/2026
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध मदिरा के निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ जिला प्रशासन और उत्पाद विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। उपायुक्त के निर्देश पर गुरुवार को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के लतरशिखा में पुलिस के सहयोग से संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान अवैध चुलाई शराब की 6 भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त किया गया। मौके से करीब 60 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई, जबकि शराब बनाने के लिए तैयार करीब 2400 किलोग्राम किण्वित जावा-महुआ को नष्ट किया गया।कार्रवाई के दौरान भट्ठी संचालकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कुल 6 अभियोग दर्ज किए गए हैं। आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
चार लाइसेंसी शराब दुकानों का औचक निरीक्षण
इसी क्रम में 30 सितंबर को उत्पाद विभाग की टीम ने विभिन्न कंपोजिट शराब दुकानों का औचक निरीक्षण भी किया। किरीबुरू-2, किरीबुरू-1, बड़ाजामुदा और डंगवापोशी स्थित दुकानों की जांच की गई।निरीक्षण के दौरान विक्रेताओं को लाइसेंस की शर्तों और निर्धारित नियमों का पालन करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने शराब की बिक्री निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) पर करने तथा ग्राहकों से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि नहीं लेने की हिदायत दी।जिला प्रशासन एवं उत्पाद विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही लाइसेंसी शराब दुकानों में नियमों के अनुपालन की नियमित जांच की जाएगी।









