मंझारी, पश्चिमी सिंहभूम 02/10/2026
मंझारी/पश्चिमी सिंहभूम: राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर 2026 को मंझारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर “प्रोजेक्ट जागृति- बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम” के तहत आयोजित हुआ।कार्यक्रम में मझगांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक निरल पूर्ति उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर विधायक ने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है। जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त पहुंचाने में स्वैच्छिक रक्तदान की महत्वपूर्ण भूमिका है। एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में सहायक हो सकता है।उन्होंने युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों से स्वस्थ एवं योग्य होने पर स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है और लोगों को दूसरों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करना चाहिए।शिविर में स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान लोगों को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।







