चाईबासा, पश्चिमी सिंहभूम 03/10/2026
चाईबासा, 2 अक्टूबर। गांधी जयंती के अवसर पर गांधी मैदान, चाईबासा में नव अधिष्ठापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण राजस्व एवं भूमि सुधार तथा परिवहन विभाग के मंत्री दीपक बिरुवा ने किया।कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, सहायक समाहर्ता ईशा जोरवाल, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी, चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, सदर अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार, नगर परिषद उपाध्यक्ष विकास शर्मा, कार्यपालक पदाधिकारी संतोषनी मुर्मू सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सेवा एवं सामाजिक समरसता के संदेश को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीर पर भी माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि महात्मा गांधी स्वच्छता को स्वस्थ एवं सशक्त समाज की बुनियाद मानते थे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के माध्यम से लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना आवश्यक है।
उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान का उद्देश्य केवल साफ-सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों के व्यवहार में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक बदलाव लाना भी है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों में आयोजित पेंटिंग एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता में प्रथम पांच स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, मेडल, डिजिटल घड़ी सहित अन्य सामग्री देकर सम्मानित किया गया। वहीं, चाईबासा नगर परिषद के सफाई कर्मियों के बीच सुरक्षा किट का वितरण भी किया गया।शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सफाई कर्मियों के योगदान को रेखांकित करते हुए उनके कार्य के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के अंत में पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत स्वच्छता की शपथ ली।







