चाईबासा, पश्चिमी सिंहभूम | 3 अक्टूबर 2026
पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में संचालित कार्यक्रम ‘प्रोजेक्ट जागृति—बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम’ के तहत सदर अस्पताल, चाईबासा स्थित कुपोषण उपचार केंद्र में 21 टीबी मरीजों के बीच पोषक आहार वितरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन डॉ. मीना कालुंडिया की उपस्थिति में जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार ने ‘निक्षय मित्र’ के रूप में अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए मरीजों को पोषक आहार प्रदान किया।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. मीना कालुंडिया ने कहा कि टीबी के उपचार में नियमित रूप से दवा लेने के साथ-साथ पौष्टिक आहार भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों से टीबी मरीजों के सहयोग के लिए आगे आने की अपील की।
जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार ने कहा कि टीबी मरीजों के प्रति सामाजिक संवेदनशीलता और सहयोग की भावना बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है। पोषक आहार के माध्यम से उपचार के दौरान मरीजों को आवश्यक पोषण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रोजेक्ट जागृति के माध्यम से जिला प्रशासन टीबी मरीजों के उपचार के साथ-साथ उनके पोषण, जागरूकता और सामाजिक सहयोग पर भी जोर दे रहा है।
द लाइट न्यूज़ इंडिया | चाईबासा, पश्चिमी सिंहभूम








