50 स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार देने की बनी थी सहमति, अब तक केवल 12 को मिला काम
सारंडा, पश्चिमी सिंहभूम 09/10/2026
सारंडा, पश्चिमी सिंहभूम। सेल प्रबंधन की ओर से बार-बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद रोजगार के मामले में ठोस पहल नहीं होने से नाराज सारंडा पीड़ के मानकी-मुंडा एवं ग्रामीणों ने आंदोलन का ऐलान किया है। ग्रामीणों ने आगामी 26 अक्टूबर को एक दिवसीय सेल ऑफिस गेट बंद करने का निर्णय लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मई 2026 में सेल माइंस बंद रहने के दौरान जगन्नाथपुर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) की अध्यक्षता में त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित की गई थी। इस वार्ता में लिखित सहमति बनी थी कि 50 स्थानीय बेरोजगारों को तत्काल रोजगार से जोड़ा जाएगा। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि अब तक केवल 12 लोगों को ही रोजगार उपलब्ध कराया गया है। शेष बेरोजगारों को रोजगार देने के मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।ग्रामीणों के अनुसार, इस मुद्दे को लेकर हाल ही में सेल प्रबंधन के साथ वार्ता भी हुई, लेकिन वार्ता संतोषजनक नहीं रही। प्रबंधन की ओर से लगातार आश्वासन मिलने के बावजूद सहमति के अनुरूप रोजगार उपलब्ध नहीं कराए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इसी नाराजगी के मद्देनजर मानकी-मुंडा एवं ग्रामीणों ने बैठक कर आंदोलन की रणनीति तैयार की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि प्रबंधन जल्द ही शेष स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाता है, तो 26 अक्टूबर को सेल ऑफिस गेट बंद किया जाएगा।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने की स्थिति में वे माइंस बंद करने के लिए भी मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने की जिम्मेदारी सेल प्रबंधन की होगी।
इस मौके पर सारंडा मानकी सुरेश चंपिया, मुंडा कंडे चंपिया, चरण चंपिया, नंदलाल सुरीन, मांगता सुरीन, महेश गोप, लंका पूर्ति, गुलियान चंपिया, सोमा चंपिया, लालू चंपिया, दुलाल चंपिया और राहुल हाईबुरु समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
ग्रामीणों का नारा है— स्थानीय रोजगार हमारा अधिकार।
— मानकी-मुंडा एवं रैयत श्रमिक संघ, सारंडा पीड़








