पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा 13/10/2026
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के जिला परिवहन पदाधिकारी ने मंगलवार, 13 अक्टूबर को झींकपानी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों एवं सुरक्षित आवागमन के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में झींकपानी थाना प्रभारी, विद्यालय के प्राचार्य तथा जिला सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
इससे पहले जिला परिवहन पदाधिकारी ने झींकपानी थाना से चाईबासा इंजीनियरिंग कॉलेज तक सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क पर अनधिकृत पार्किंग की समस्या को देखते हुए मार्ग को नो पार्किंग जोन के रूप में चिह्नित करने तथा नो पार्किंग संकेत बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही, वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर, रम्बल स्ट्रिप और गति सीमा संबंधी संकेत बोर्ड लगाने पर जोर दिया गया।
छात्रों को बताए यातायात नियम
विद्यालय में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सड़क संकेतों, सड़क पर बने चिह्नों और माइलस्टोन के महत्व की जानकारी दी गई। उन्हें सड़क पर चलते समय आवश्यक सावधानियां बरतने की भी सलाह दी गई।जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है। विद्यार्थियों और युवाओं को कम उम्र से ही यातायात नियमों के पालन के प्रति जिम्मेदार बनाना आवश्यक है। ऐसे अभियान सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।









