पश्चिमी सिंहभूम , चाईबासा 221/10/
चाईबासा (पश्चिमी सिंहभूम): चाईबासा-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग पर मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026 को एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार रासिका हेम्बरोम (42 वर्ष) की मौत हो गई। चाईबासा से चक्रधरपुर की ओर जा रही चुनमुन बस की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर मुख्य सड़क को लगभग छह घंटे तक जाम रखा। प्रशासन और ग्रामीणों के बीच मुआवजे को लेकर बातचीत हुई, लेकिन देर शाम तक सहमति नहीं बन सकी।
तालाब में स्नान करने जा रहे थे रासिका
मिली जानकारी के अनुसार, रासिका हेम्बरोम मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे साइकिल से तालाब में स्नान करने जा रहे थे। इसी दौरान मुख्य मार्ग पर चाईबासा से चक्रधरपुर की ओर जा रही चुनमुन बस की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
एक लाख रुपये मुआवजे की मांग पर सड़क जाम
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मुख्य सड़क जाम कर दिया। इसके कारण मार्ग पर आवागमन बाधित रहा और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को एक लाख रुपये मुआवजा देने की मांग रखी। वहीं, प्रशासन की ओर से 50 हजार रुपये मुआवजा देने का प्रस्ताव दिया गया। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बावजूद मुआवजे की राशि पर सहमति नहीं बन सकी। ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे और देर शाम तक मामले का समाधान नहीं हो पाया।
मुखिया सिद्धार्थ होनहागा सहित ग्रामीण रहे मौजूद
घटनास्थल पर खूंटपानी के मुखिया सिद्धार्थ होनहागा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की।इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की जान जाने से स्थानीय लोगों में दुख और आक्रोश है।









