चक्रधरपूर/हाटगमहरिया, पश्चिमी सिंहभूम 29/09/2026
चाईबासा, 29 सितंबर 2026। पश्चिमी सिंहभूम जिले में आयुष विभाग की ओर से सोमवार, 28 सितंबर को विभिन्न प्रखंडों में ब्लॉक स्तरीय ऑस्टियोआर्थराइटिस स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में कुल 316 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा जरूरतमंद मरीजों के बीच निःशुल्क आयुष औषधियों का वितरण किया गया।शिविर का आयोजन चक्रधरपुर प्रखंड के सूरबुरा, हाटगम्हरिया प्रखंड के गम्हरिया, तांतनगर प्रखंड के सेरेंगबील तथा टोंटो प्रखंड के हरिला में किया गया। इस दौरान मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कर उनकी स्थिति के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक सुझाव दिए गए।
शिविर में चिकित्सकों ने मुख्य रूप से ऑस्टियोआर्थराइटिस से पीड़ित लोगों के साथ-साथ जोड़ों के दर्द, जकड़न और चलने-फिरने में परेशानी से जूझ रहे लोगों की जांच की। चिकित्सकों ने बताया कि बढ़ती उम्र, शारीरिक निष्क्रियता, बढ़ता वजन और बदलती जीवनशैली सहित कई कारणों से जोड़ों से संबंधित समस्याएं बढ़ रही हैं।इसके अलावा बुखार, कमजोरी, गैस एवं पाचन संबंधी समस्याएं, त्वचा रोग तथा महिलाओं और बच्चों से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं की भी जांच की गई। जरूरत के अनुसार मरीजों को उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया।
शिविर में डॉ. मैनुद्दीन अनसारी, डॉ. आशिक अंसारी, डॉ. प्रदीप गुड़िया, डॉ. यशवंती कुमारी, डॉ. अनिश कुमार, डॉ. निशा सुम्ब्रूई, डॉ. दीपक कुमार लायक एवं डॉ. अनीरूद्ध गोपेश्वर ने सेवाएं दीं। सहिया एवं योग शिक्षकों ने भी शिविर में सक्रिय सहयोग किया।इस दौरान लोगों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, पर्याप्त पानी पीने, नियमित शारीरिक गतिविधि करने, पर्याप्त नींद लेने तथा योग को दैनिक जीवन में शामिल करने के लिए जागरूक किया गया। योग शिक्षकों ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन एवं सरल योगाभ्यास भी कराया।








