पश्चिमी सिंहभूम , चाईबासा 12/10/2026
हरिला पंचायत में 25 आवासों का निरीक्षण, अधूरे निर्माण कार्य जल्द पूरा करने पर जोर
चाईबासा: प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं अबुआ आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण में तेजी लाने के लिए सोमवार को सदर चाईबासा प्रखंड की हरिला पंचायत में 25 आवासों का निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण जिला समन्वयक, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा द्वारा किया गया।निरीक्षण के दौरान पाया गया कि 8 लाभुकों ने प्रथम किस्त की राशि मिलने के बावजूद आवास निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है। संबंधित लाभुकों को एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य शुरू करने का निर्देश दिया गया। वहीं, ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीणों एवं गणमान्य लोगों के साथ चर्चा कर लाभुकों को निर्माण कार्य शुरू करने के लिए प्रेरित किया गया।
निरीक्षण में तीन आवासों का निर्माण कार्य जारी पाया गया। इसके अलावा, द्वितीय एवं तृतीय किस्त की राशि प्राप्त करने के बाद निर्माण कार्य बीच में रोक देने वाले लाभुकों को अगले एक-दो दिनों में काम दोबारा शुरू करने का निर्देश दिया गया।निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य आवास निर्माण की प्रगति की समीक्षा करना, लंबित कार्यों में तेजी लाना और योजनाओं के तहत स्वीकृत आवासों का समय पर निर्माण सुनिश्चित करना था।इस दौरान प्रखंड समन्वयक पसंद कुमार एवं रोजगार सेवक मोहन दास उपस्थित रहे।







