भावनाओं को समझने और सकारात्मक सोच विकसित करने पर दिया गया जोर
पश्चिमी सिंहभूम , चाईबासा 12/10/2026
मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर 11/10/2026 रविवारको बालकुंज, चाईबासा में बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उनके भावनात्मक एवं सामाजिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ सामाजिक सुरक्षा के उपनिदेशक खुशेन्द्र सोन केशरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी और रांची से आईं मानसिक स्वास्थ्य एवं मनोविज्ञान विशेषज्ञ सुश्री मिट्ठू मुथु वर्गीज उपस्थित रहीं।कार्यक्रम के दौरान सुश्री वर्गीज ने बच्चों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, भावनाओं की अभिव्यक्ति और सकारात्मक सोच के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न सहभागितापूर्ण गतिविधियों, व्यावहारिक अभ्यासों एवं लेखन-आधारित कार्यपत्रकों के माध्यम से बच्चों को अपनी भावनाओं को पहचानने, समझने और उचित तरीके से व्यक्त करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को भावनात्मक समझ विकसित करने, आत्म-अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का अवसर मिला।इस पहल का उद्देश्य बच्चों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनके समग्र मानसिक एवं सामाजिक विकास को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम सकारात्मक एवं सहज वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।







