पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा 14/10/2026
चाईबासा, पश्चिमी सिंहभूम। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं अबुआ आवास योजना के तहत आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से हाटगम्हरिया प्रखंड की कुशमिता पंचायत में 33 आवासों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान कई आवासों का निर्माण कार्य अधूरा पाया गया, जबकि 50 लाभुकों ने पहली किस्त मिलने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है।
134 आवासों को मिली है स्वीकृति
वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुशमिता पंचायत में कुल 134 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 128 लाभुकों को प्रथम किस्त की राशि मिल चुकी है। इसके बावजूद केवल 78 लाभुकों ने ही विंडो सिल स्तर तक निर्माण कार्य पूरा किया है। वहीं, 50 लाभुकों ने अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है।इसी तरह, 74 लाभुकों को दूसरी किस्त की राशि भी मिल चुकी है। इनमें से केवल 35 लाभुकों ने आवास निर्माण पूरा किया है, जबकि 39 लाभुकों के आवास का निर्माण अभी लिंटल स्तर पर ही लंबित है।
एक सप्ताह में काम शुरू करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिला समन्वयक ने संबंधित लाभुकों को एक सप्ताह के अंदर निर्माण कार्य शुरू करने तथा अधूरे आवासों को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान दो पूर्ण आवासों और तीन विंडो सिल स्तर के आवासों की जियो-टैगिंग भी की गई।
पंचायत सचिव के कार्यों पर उठे सवाल
निरीक्षण के दौरान पंचायत सचिव श्रवण बेहरा की कार्यशैली पर भी सवाल उठे। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पंचायत सचिवालय में मौजूद रहने के बावजूद उन्होंने क्षेत्र भ्रमण में सहयोग नहीं किया। साथ ही, आवास निर्माण कार्यों में उनकी अपेक्षित रुचि नहीं दिखाई देने की बात सामने आई।इस दौरान प्रखंड समन्वयक कालीचरण टुडू भी उपस्थित रहे।








