पश्चिमी सिंहभूम , गोइलकेरा 14/10/2026
गोईलकेरा, पश्चिमी सिंहभूम | 14 अक्टूबर 2026। जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले अमर शहीद देवेंद्र माझी की 32वीं पुण्यतिथि पर बुधवार को गोईलकेरा के शहीद स्थल बाजार टांड़ में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर हजारों ग्रामीणों, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने शहीद की समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।शहीद स्थल को गेंदा के फूलों से सजाया गया था। पूरा परिसर ‘शहीद देवेंद्र माझी अमर रहें’ के नारों से गूंज उठा। श्रद्धांजलि देने वालों में झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरुवा, सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं झामुमो के वरिष्ठ नेता शामिल हुए।सांसद जोबा माझी ने शहीद की समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने देवेंद्र माझी के संघर्ष, बलिदान और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए उनके योगदान को याद किया।
रुपी सोरेन के निधन के कारण नहीं हुई विशाल सभा
इस वर्ष दिशोम गुरु शिबू सोरेन की धर्मपत्नी रुपी सोरेन के निधन के कारण शोकस्वरूप विशाल श्रद्धांजलि सभा का आयोजन नहीं किया गया। इसके स्थान पर शहीद स्थल पर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।इससे पहले चक्रधरपुर स्थित सांसद आवास के पंप रोड समाधि स्थल पर भी परिवार के सदस्यों और समर्थकों ने पुष्प अर्पित कर शहीद देवेंद्र माझी को श्रद्धांजलि दी।शहीद देवेंद्र माझी की पुण्यतिथि पर उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर उनके संघर्ष और बलिदान के प्रति लोगों की आस्था तथा सम्मान को प्रदर्शित किया।


ढ







