सराईकेला/खरसावां, पन्ड्रसाली 19/10/2026
विधायक दशरथ गागराई को सौंपा ज्ञापन, भूमि बचाओ संघर्ष समिति के नेतृत्व में खूंटपानी प्रखंड कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन
खरसावां/खूंटपानी। पश्चिमी सिंहभूम जिले के खूंटपानी प्रखंड अंतर्गत पांड्रासाली रेलवे स्टेशन के समीप रूंगटा कंपनी की साइडिंग में भंडारण कार्य बंद करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने आंदोलन शुरू कर दिया है। भूमि बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले सोमवार को बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीणों ने पुंडीहासा मैदान से खूंटपानी प्रखंड कार्यालय तक पदयात्रा निकाली और अपनी मांगों के समर्थन में धरना-प्रदर्शन किया।प्रदर्शन में खरसावां के विधायक दशरथ गागराई भी शामिल हुए। इस दौरान ग्रामीणों एवं समिति के प्रतिनिधियों ने विधायक को ज्ञापन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप करने तथा संबंधित विभाग और प्रशासन के माध्यम से साइडिंग में भंडारण कार्य बंद कराने की पहल करने की मांग की।
ग्रामीणों ने उठाई भंडारण कार्य बंद करने की मांग
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने साइडिंग में हो रहे भंडारण कार्य को लेकर अपनी आपत्तियां सामने रखीं। उन्होंने मांग की कि प्रशासन ग्रामीणों की समस्याओं और चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच करे तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे।ग्रामीणों ने इस मामले में संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए अपनी मांगों पर उचित पहल करने की अपील की।
कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे मौजूद
भूमि बचाओ संघर्ष समिति के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में समाजसेवी बस्ती गागराई, दुर्गा चरण पाड़िया, जिला परिषद सदस्य जमुना तियू, प्रखंड प्रमुख सिद्धांत होनहागा, बबलू गोडसरा, सतीश पुरती, डिंबू तियू और राहुल गोप सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की अपील की। वहीं, इस मामले में रूंगटा कंपनी और संबंधित प्रशासनिक विभाग का पक्ष फिलहाल सामने नहीं आया है।
The Light News India जनहित की खबर, निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ।








